🛑 पोतने वाले ने कहा”अगर वोट मांगने आया तो चेहरे पर गोबर लगाउंगा
सीजी न्यूज आनलाईन, 04 फरवरी। बीती देर रात जहां जहां पार्षद प्रत्याशी ने पोस्टर लगवाए हैं वहां वहां पोस्टर और चेहरे पर गोबर लगा देख पार्षद के समर्थक आक्रोशित हो गए। मामला थाना तक जा पहुंचा। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर गोबर पोतने वालों से जब पूछताछ की तो वो बोलने लगे कि अभी तो पोस्टर पर गोबर लगाया है, वोट मांगने घर आया तो चेहरे पर पोतूंगा। दरअसल यह पूरा मामला दुर्ग जिले के उतई का है और पुराने लेन देन को लेकर उपजा है।
आपको बता दें कि दुर्ग जिले के उतई नगर पंचायत में वार्ड-5 में निर्दलीय पार्षद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी सतीश पारख के पोस्टर में रविवार रात गोबर पोत दिया गया। इसे लेकर काफी बवाल भी हुआ। जब इस मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो गोबर पोतने वाले ने कहा कि सतीश पारख उधारी नहीं लौटा रहा था इसलिए उसने ऐसा किया है। उतई थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि इस मामले की जानकारी है लेनदेन से संबंधित मामला है परंतु किसी भी पक्ष के द्वारा शिकायत नहीं की गई है।
मिली जानकारी के सतीश पारख उतई नगर पंचायत के लिए पार्षद पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने वार्ड 5 में अपने पोस्टर भी लगाए हैं। सोमवार सुबह यह देखने को मिला कि किसी ने उसके सभी पोस्टर में उसके चेहरे पर गोबर पोता है। इसे लेकर सतीश पारख के लोगों ने आक्रोश जताते हुए आरोप लगाया कि यह काम उसके प्रतिद्वंदी ने किया है। पुलिस ने जब मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो दो लोग गाड़ी में आकर गोबर पोतते दिखे। गोबर पोतने वाले की पहचान राकेश के रूप में हुई। वो दरवाजा खिड़की बनाने का काम करता है। राकेश ने गोबर पोतने की बात को स्वीकार किया है। उसका कहना है कि उसने सतीश पारख के घर में दरवाजा खिड़की लगाया था। उसका पैसा उसने नहीं दिया और उल्टा उसे धमकी देने लगा इसलिए चुनाव के समय में उसे सबक सिखाने के लिए उसने ऐसा किया है।
गौरतलब हो कि राकेश इतने आक्रोश में है कि उसने मीडिया से साफ कहा कि सतीश पारख उसका रूपया नहीं दे रहा है। अभी उसने उसके पोस्टर में गोबर पोता है, यदि वो उसके घर वोट मांगने आया तो वो उसके चेहरे में गोबर पोतकर अपना विरोध दर्ज कराएगा।
निर्दलीय प्रत्याशी सतीश पारख ने इस संबंध में कहा कि वे फिलहाल अपने चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। इस संबंध में शिकायत नहीं की है। लेकिन शीघ्र ही शिकायत की जाएगी।

