पार्षदों ने ली शपथ, महापौर के लिए निर्मल-नंदिनी और कृष्णा-चंद्रप्रकाश के बीच सभापति के लिए मुकाबला होगी वोटिंग शुरू
भिलाई नगर, 3 जनवरी। भिलाई-चरौदा नगर निगम में महापौर, सभापति और अपील समिति के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। आज सुबह पहले सभी 40 नवनिर्वाचित पार्षदों ने शपथ ले ली है अब सभी पार्षद निगम के महापौर और सभापति का चुनाव गुप्त मतदान के जरिए दोपहर डेढ़ बजे से करेंगे।

गौरतलब हो कि भारतीय जनता पार्टी का बहुमत नहीं होने के बावजूद उसने नंदिनी जांगड़े को महापौर प्रत्याशी और चंद्रप्रकाश पांडेय को सभापति के लिए प्रत्याशी बनाया है। 40 पार्षदों वाले इस निगम में बीजेपी के पास महज 15 पार्षद हैं। आज कांग्रेस और बीजेपी सहित छह निर्दलीय पार्षदों को जिला कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी पार्षदों ने 5-5 की संख्या में शपथ ली है। यही 40 पार्षद और महापौर और सभापति का चुनाव करेंगे। महापौर के लिए कांग्रेस के पास जहां 19 पार्षदों सहित दो निर्दलियों के समर्थन का दावा है तो भाजपा के पास महज 15 पार्षद हैं। बचे चार निर्दलीय अब किस ओर जाएंगे, अभी तय नहीं है। दोपहर 2 बजे के लगभग महापौर के प्रत्याशी के नामों की अधिकृत घोषणा होगी।

विदित हो कि शपथ ग्रहण करने से पहले भिलाई-तीन चरौदा नगर निगम से जीते सभी कांग्रेसी पार्षदों को रविवार शाम रायपुर बुलाया गया था। एक निजी होटल में सभी को ठहराया गया, जहां देर रात कांग्रेस के आला नेताओं के साथ बैठक भी हुई। बैठक में कांग्रेस के मेयर और सभापति का नाम तय होने के बाद सभी पार्षद आज सुबह भिलाई पहुंचे और सुबह 10 बजे से शुरू हो रहे शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। कांग्रेस से महापौर के लिए गनियारी वार्ड से पार्षद चुने गए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष निर्मल कोसरे प्रत्याशी बनाए गए हैं।सभापति के लिए कांग्रेस से कृष्णा चन्द्राकर प्रत्याशी हैं।

भिलाई चरौदा निगम के इतिहास में पहली बार कांग्रेस सत्ता में आने के लिए बहुमत बनाती दिख रही है। 40 में से 19 पार्षद कांग्रेस के जीते हैं और 4 निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन उसे मिल गया है। ऐसे में कांग्रेस महापौर के लिए बहुमत में है यदि सही वोटिंग हुई कांग्रेस यहां अपना महापौर और सभापति दोनों बना लेगी मगर क्रॉस वोटिंग हो गई तो कांग्रेस का यह सपना चूर-चूर भी हो सकता है। भले ही कांग्रेस को बहुमत हो, लेकिन भाजपा अभी महापौर और सभापति बनाने का दावा कर रही है। भाजपा की ओर से महापौर और सभापति पद के लिए कांग्रेस को वॉक ओवर नहीं दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक शिवरतन शर्मा के द्वारा सभी भाजपा पार्षदों को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल पर भेजा गया। वहां से सभी पार्षद वापस लौट आए हैं। भाजपा ने सहमति बाद नंदिनी जांगड़े को महापौर प्रत्याशी बनाया है और चंद्रप्रकाश पांडेय सभापति प्रत्याशी हैं।

