घड़ी चौक से गदा चौक तक संडे मार्केट के अवैध व्यवसायियों पर चला निगम का जेसीबी, बेदखली की कार्रवाई सुबह 4:00 बजे की गई शुरु, 1 किलोमीटर की सड़क अतिक्रमणकारी व्यवसायियों से मुक्त

भिलाई नगर 27 मार्च । शहर के मुख्य चौराहा घड़ी चौक से लेकर गदा चौक तक सड़क पर अतिक्रमण कर लगाए जाने वाले बेतरतीब सुपेला संडे मार्केट पर निगम प्रशासन का जेसीबी जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में चलाया गया। सड़क पर दोनों और अतिक्रमण कर मार्ग बंद कर व्यवसाय करने वाले सैकड़ों व्यापारियों को बेदखल किया गया। निगम की इस कार्यवाही को 1 दिन पूर्व ही चेंबर ऑफ कॉमर्स की जिला इकाई के द्वारा पूरा समर्थन दिया गया था। सुबह 4:00 बजे से ही निगम के द्वारा कार्यवाही प्रारंभ की गई । संडे मार्केट के व्यापारियों के द्वारा विरोध भी किया गया । परंतु पुलिस एवं जिला प्रशासन के द्वारा दी गई समझा इसके बाद माहौल शांत हो गया।

नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त प्रकाश सर्वे ने उपस्थित होकर सुबह 4:00 बजे से निगम और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कार्यवाही शुरू कर दी गई थी। नगर पालिक निगम की 7 से 8 टीम पूरी तैयारी के साथ सुबह 4:00 संडे मार्केट स्थल पर पहुंच गई थी और सड़क पर पसरा लगाकर व्यापार करने वालों को रोका गया । जिनके द्वारा स्थाई तौर पर ठेले खोमचे लगाए गए थे उन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। परंतु प्रारंभिक तौर पर इस स्थल पर सप्ताहिक व्यवसाय करने वाले के द्वारा निगम प्रशासन की कार्यवाही का विरोध किया गया। परंतु पुलिस प्रशासन की ओर से नगर पुलिस अधीक्षक आरके जोशी डीएसपी संजय पुंडीर एवं जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार प्रेरणा के द्वारा समझाई दिए जाने के बाद माहौल शांत हो गया। लगातार 7 घंटे तक कार्यवाही करके लगभग 1 किलोमीटर दूरी तक मुख्य चौराहा घड़ी चौक से लेकर गदा चौक तक सैकड़ों अवैध व्यवसायियों को हटाया गया।

ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने चेंबर ने दिया था समर्थन
निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने इसके लिए चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी अजय भसीन प्रदेश महामंत्री, गार्गी शंकर मिश्र भिलाई अध्यक्ष, सतीश चोपड़ा भिलाई चेंबर एवं सुनील मिश्रा कार्यालय प्रभारी आदि के साथ बैठक भी की। चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्यवाही में पूर्ण रुप समर्थन दिया था। महामंत्री भसीन ने कहा कि जब भी ऐसी आवश्यकता हो तो चेंबर ऑफ कॉमर्स का हमेशा सहयोगात्मक रवैया रहा है।

आज की इस कार्यवाही में उपायुक्त अशोक द्विवेदी, सुनील अग्रहरि, अनिल मेश्राम , बालकृष्ण नायडू जोन क्रमांक 1 एवं जोन क्रमांक 2 के जोन आयुक्त मनीष गायकवाड एवं पूजा पिल्ले तथा राजस्व अधिकारी एन आर रत्नेश सहित नगर निगम की सात से आठ टीम के द्वारा कार्यवाही की गई।

कार्रवाई के पहले ही निगम ने की थी तैयारी
विगत दो-तीन दिनों से तैयारी की जा रही है। सड़क के दोनों ओर पेंट मार्किंग कराई गई थी। निर्धारित सीमा के बाहर दुकान लगाए जाने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी । बेदखली के साथ ही जुर्माना की भी कार्यवाही का सामना बेतरतीब और अव्यवस्थित तरीके से रखने वाले दुकानदारों को करना पड़ सकता है। कार्रवाई करने के लिए चार अलग-अलग प्रकार की टीमें नियुक्त की गई है। इसके साथ ही सही तरीके से दुकानें लगाने के लिए मुनादी के माध्यम से लगातार दुकानदारों को सूचना दी जा चुकी थी।

कोहका एवं वैशाली नगर आबादी क्षेत्र के मुख्य पर प्रति रविवार सुबह से शाम तक लग रहा था जाम
सुपेला संडे मार्केट शहर का सबसे व्यस्ततम मार्केट है, भिलाई का मुख्य चौराहा सुपेला चौक से होकर यह गदा चौक की ओर जाता है। इस रास्ते से होकर गदा चौक होते हुए अवंती बाई चौक की ओर तथा वैशाली नगर क्षेत्र की ओर जा सकते हैं। सुपेला की बात करें तो रविवार के दिन सुबह से ही यहां पर अव्यवस्थित एवं विभिन्न तरीके के दुकान लगाने के कारण पूरा रास्ता दिन भर के लिए जाम हो जाता है, आने जाने वालों को अनावश्यक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है वहीं दुर्घटना की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता, यदि इस रास्ते पर कोई एंबुलेंस या बड़ी वाहन भी गुजरना चाहे तो बड़ी मुश्किल से इस रास्ते से निकलना होता है, रविवार के दिन सुपेला चौक से गदा चौक का क्षेत्र पूरी तरह से अव्यवस्थित नजर आता है, काफी समय से इस पर कार्यवाही करने की मांग प्रबल हो रही थी। इन सभी कारणों से निगमायुक्त ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

