सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 16 फरवरी। छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के भिलाई से शुरू हुआ ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप महादेव एक तरह से पिछली कांग्रेस सरकार का करोड़ों का गुब्बारा फोड़ चुका है मगर इससे जुड़े लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ ही रही हैं। महादेव बुक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरभ चंद्राकर के करीबी नितीश दीवान को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ में ईडी को कई चौकाने वाले राज हर रोज खुल रहे हैं। आपको बता दें कि नितीश दीवान महादेव ऐप की कोर कमेटी मेंबर भी है। दीवान को शुक्रवार को ईडी ने रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जहां कोर्ट ने पूछताछ के लिए उसे 24 फरवरी तक ईडी रिमांड में भेज दिया है। ईडी ने नितीश के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था।
गौरतलब हो कि नितीश को पिछले साल 6 नवंबर को ईडी ने दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया था। नितीश के बारे में बताया जा रहा है कि आइफा अवार्ड में उसने फिल्म इंडस्ट्रीज के बड़ी हस्तियों को अवार्ड दिया था। नितीश भिलाई के वैशाली नगर का रहने वाला है। वह महादेव ऐप की पैनल ऑपरेटर टीम का हिस्सा और दो साल तक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के साथ दुबई में रहा है। महादेव ऐप के पैसों को क्रिप्टो करेंसी में इन्वेस्ट करने में भी नितीश की ही भूमिका रही है। वह महादेव ऐप की करोड़ों की रकम को अपने अकाउंट के जरिए ट्रांसफर भी किया करता था। ऐप के दोनों प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल अवैध कमाई के काले धन को नितीश दीवान के जरिए इन्वेस्ट किया करते थे। उन्होंने दीवान के नाम से दुबई में कई प्रॉपर्टी भी खरीद रखी है।
ईडी के वकील सौरभ पाण्डेय ने बताया कि महादेव ऐप के कारोबार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फैलाने की तैयारी की जा रही थी और एक्सपांसन प्रोजेक्ट की लीड टीम में नितीश शामिल था, इसके लिए वह जिम्बॉब्वे भी गया था। वहां उसने महादेव ऐप के बिजनेस ऑपर्चुनिटी को सर्च कर रिपोर्ट भी दी थी। सौरभ के भाई गीतेश चंद्राकर से भी नितीश की नजदीकियां थी। गीतेश ने फिल्म इंडस्ट्री में भी अपना कदम रखा। वह नितीश के साथ फिल्म निर्माण का काम करने लगा था। गीतेश फिल्मी चकाचौंध से खासा प्रभावित रहा है नतीजतन नितीश के साथ उसने महादेव के काले धन को फिल्म इंडस्ट्रीज में लगाते हुए डायरेक्शन की ओर अपने कदम बढ़ा चुका था। नितीश अब ईडी के समक्ष तोते की तरह बोलने लगा है, हर रोज ऐसे नये राज खुल रहे हैं जिसे सुन और जान कर ईडी अफसर भी अचंभित हैं।
ED की गिरफ्त में महादेव ऐप के कोर मेम्बर ने खोले कई राज 🛑 वैशाली नगर भिलाई निवासी इस आरोपी के हाथों हीरो-हीरोइन भी हो चुके हैं सम्मानित 🛑 सौरभ के भाई की फिल्म दीवानगी का भी खोला चिट्ठा

