इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री से कॉपर केबल चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार;

इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री से कॉपर केबल चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार;


🔴पांच अपचारी बालक भी अभिरक्षा में

भिलाईनगर, 26 अगस्त 2026। खुर्सीपार के मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट-93 स्थित फैक्ट्री में दीवार फांदकर घुसे चोरों ने कॉपर पट्टी और कॉपर केबल समेत करीब 90 हजार रुपये की सामग्री चोरी कर ली। मामले में खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की रात करीब 12:50 बजे के बाद अज्ञात आरोपियों ने फैक्ट्री की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और कॉपर पट्टी, वेल्डिंग मशीन की कॉपर केबल तथा कॉन्टेक्टर की कॉपर केबल सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली। फैक्ट्री संचालक विक्रांत अग्रवाल की रिपोर्ट पर खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 305(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

इंडस्ट्रियल क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कॉपर पट्टी, वेल्डिंग मशीन की कॉपर केबल और कॉन्टेक्टर की कॉपर केबल सहित करीब 90 हजार रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की।

पुलिस ने मामले में पवन राजभर (22), निवासी बालाजी नगर खुर्सीपार और बिराज निर्मलकर (19), निवासी नंदईया पारा खुर्सीपार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं पांच अपचारी बालकों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

रात में सुनसान फैक्ट्री को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनसान इंडस्ट्रियल क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों को निशाना बनाते थे। रात के समय दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश करने के बाद वहां मौजूद कॉपर पट्टी, कॉपर केबल और अन्य कीमती धातु सामग्री चोरी कर ले जाते थे।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपने परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।