🔴महिला से भी मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर, 30 जुलाई 2026। सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन हटाने की बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में चार युवकों ने एक राय होकर कार सवार परिवार पर जैक रॉड और हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने आई महिला से भी मारपीट की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को पूजा साहू (21 वर्ष) अपने परिवार के साथ हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ से वापस दक्षिण डबरापारा स्थित घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे सड़क किनारे एक पिकअप वाहन खड़ा होने से उनकी कार आगे नहीं बढ़ पा रही थी। वाहन हटाने के लिए पिकअप चालक को बुलाया गया, जिस पर चालक सोहन वर्मा मौके पर पहुंचा और विवाद करने लगा।
इसी दौरान पूजा साहू के पति निलेश साहू भी वहां पहुंच गए। कुछ ही देर बाद सोहन वर्मा के साथ मोहन वर्मा, रामगोपाल वर्मा और राजा राजपूत भी मौके पर आ गए। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पिकअप में रखे लोहे के जैक रॉड तथा हॉकी स्टिक से निलेश साहू और तेजराम साहू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची सैलजा साहू के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 399/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान चारों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर 30 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का जैक रॉड और एक हॉकी स्टिक भी बरामद कर जब्त कर ली।
आरोपियों की पहचान सोहन वर्मा (31), मोहन वर्मा (43), रामगोपाल वर्मा (72), सभी निवासी डबरापारा, दक्षिण भिलाई-03 तथा राजा राजपूत (22), मूल निवासी ग्राम सोडही मराठी, जिला मुंगेली, हाल निवासी डबरापारा, दक्षिण भिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 109, 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। हिंसा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

