सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 07 जुलाई । लगातार दो चुनाव में हर के बाद निर्जीव हो चुकी कांग्रेस पार्टी नगरीय निकाय चुनाव से पहले आक्रामक नजर आने वाली है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हार के बाद शून्य हो चुकी संगठन की गतिविधियों में अब तेजी लाई जाएगी। 8 जुलाई को कांग्रेस ने प्रदेशभर में बिजली के मुद्दे पर सड़कों पर उतरने की तैयारी की है। ब्लॉक स्तर पर धरना एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा प्रत्येक जिला शहर नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को आदेशित किया गया है।

प्रदेश चार दिनों तक लगातार लोकसभावार हार की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। अब संगठन इस पर ज्यादा जोर देने की तैयारी में है।
बिजली कटौती को लेकर होने वाले इस आंदोलन के बाद पार्टी वरिष्ठ नेताओं से भी रायशुमारी कर अलग-अलग मुद्दों पर आंदोलन के निर्णय लेगी। आगामी नगरीय निकाय चुनाव के पहले कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को सक्रिय करने की कोशिश में है। अब तक ठप पड़ी संगठन की गतिविधियों को तेज कर कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया जाएगा।
8 जुलाई को कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय धरना, प्रदर्शन
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज हाल ही में दिल्ली दौरे से लौटे हैं। उनके दौरे से लौटने के बाद बिजली के मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान किया गया है। प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में 8 जुलाई को आक्रामक प्रदर्शन की तैयारी है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता निचले स्तर पर जाकर बताएंगे कि कांग्रेस सरकार के दौरान बिजली की दरों में बढ़ोतरी नहीं की गई थी।

