कोयला लेवी केस में कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल EOW की हिरासत में

कोयला लेवी केस में कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल EOW की हिरासत में


🔴शराब और धान घोटाले से जुड़े मामलों में भी पूछताछ तेज

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 09 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ईओडब्ल्यू द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोयला लेवी प्रकरण के साथ-साथ शराब घोटाले, धान से जुड़े मामलों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ पहले से ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत से स्थायी वारंट जारी किया गया था। विवेचना के दौरान जब्त दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सामग्री के आधार पर उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सूर्यकांत तिवारी के पास से जब्त एक डायरी में कांग्रेस भवन के नाम पर करोड़ों रुपये की एंट्री मिली थी। अब तक की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि उक्त राशि रामगोपाल अग्रवाल द्वारा कांग्रेस भवन में प्राप्त की गई थी। जांच एजेंसी इस राशि की डिलीवरी, प्राप्तकर्ताओं, उपयोग तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

ईओडब्ल्यू ने यह भी बताया कि शराब घोटाले की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अनवर ढेबर एवं उसके सहयोगियों द्वारा करोड़ों रुपये कांग्रेस भवन में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए गए थे। इसी प्रकार धान से जुड़े प्रकरण में भी रोशन चंद्राकर द्वारा कांग्रेस भवन में करोड़ों रुपये पहुंचाए जाने संबंधी तथ्य सामने आए हैं। इन मामलों में भी अग्रवाल की भूमिका, संपर्क और धन के उपयोग की जांच की जा रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल के पुत्र वैभव अग्रवाल से भी पिछले दो दिनों से पूछताछ की गई है। ईओडब्ल्यू का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्राप्त तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ईओडब्ल्यू ने स्पष्ट किया है कि कोयला लेवी, शराब घोटाला और धान से जुड़े मामलों की जांच गंभीरता से जारी है तथा उपलब्ध दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।