सीजी न्यूज ऑनलाइन 18 अगस्त । बलौदाबाजार हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ 21 अगस्त को कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी। इसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पुलिस से कहना चाहता हूं कि सरकारें आती जाती रहती हैं, लेकिन ऐसा कोई काम ना करो, जिससे आपको नजरें मिलाने में दिक्कत हो।
बघेल ने कहा कि देवेंद्र यादव पर जितनी धाराएं लगाई गई हैं, पुलिस को प्रमाण प्रस्तुत करना चाहिए। गृहमंत्री कहते हैं पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन विधायक जेल में है। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के निर्देश से कार्रवाई हो रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास मंहत मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के इशारों पर कार्रवाई- बघेल
20 अगस्त को विधायक दल की बैठक में प्रदर्शन की रणनीति बनाएंगे। पहली लड़ाई सड़क में है, दूसरी लड़ाई सदन में है और तीसरी लड़ाई न्यायालय में लड़ेंगे।
एक भी कांग्रेस कार्यकर्ता दोषी तो मैं स्वयं पुलिस के हवाले करूंगा- बैज
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बलौदाबाजार में हुई घटना में बदले की भावना से देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में बलौदाबाजार जैसी घटना नहीं घटी। सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। बलौदाबाजार की घटना ने छत्तीसगढ़ की छवि को धूमिल किया है। सरकार की खुफिया एजेंसी फेल रही। बैज ने कहा कि सरकार को अमर गुफा में कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन वहां लीपापोती की गई। फर्जी मजदूरों को गिरफ्तार किया गया। लेकिन शासन ने उसे अनदेखा कर दिया।
घटना का वीडियो फुटेज साझा करे सरकार
सीबीआई जांच की मांग थी, तब सरकार ने जांच क्यों नहीं की। सरकार को घटना का वीडियो फुटेज साझा करना चाहिए। अगर एक भी कांग्रेस कार्यकर्ता दिखाई दिया तो मैं उसे पुलिस के हवाले कर दूंगा।
बैज ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव कांग्रेस के जन प्रतिनिधि है। अगर कार्यक्रम में बुलाया गया है तब क्या जन प्रतिनिधि कार्यक्रम में ना जाए। बदले की भावना से सरकार कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। बलौदाबाजार घटना की कांग्रेस निंदा करती है।
सरकार को बेनकाब करेगी कांग्रेस
बैज ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है। जनता ने जनादेश दिया है तो सरकार चलाइए। विपक्ष के नाते जनता के मुद्दों के साथ लड़ाई लड़ेंगे। सतनामी समाज को दबाने और बलौदा बाजार घटना के लिए भाजपा जिम्मेदार है। सच्चाई का पर्दाफाश होगा, लेकिन बदले की भावना की कार्रवाई नहीं की जाएगी। सरकार को कांग्रेस बेनकाब करेगी।
कांग्रेस विधायकों को प्रताड़ित कर रही सरकार- महंत
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि देवेंद्र यादव के साथ कांग्रेस पार्टी खड़ी है। इस घटना को रोका जा जा सकता था दुर्भावना बस कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। मैंने विधायक गलती बैठक बुलाई है कांग्रेस के विधायक को प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रदर्शन में सब शामिल होंगे। समाज से हमारा संबंध बिगड़ने का बीजेपी प्रयास कर रही है। हम इसकी निंदा करते हैं।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक 20 अगस्त को
बलौदाबाजार हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने 20 अगस्त को विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक में सभी कांग्रेस विधायक को शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
विधानसभा में होगी बैठक
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 20 अगस्त की सुबह 10:30 बजे नेता प्रतिपक्ष कार्यालय छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधायक दल की बैठक आहूत की गई है। साथ ही भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी जाएगी । भिलाई विधायक यादव की गिरफ्तारी और प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा की।

