🔴17 जून को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, ज्ञापन के साथ होगा पुतला दहन
भिलाईनगर, 16 जून 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई द्वारा छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ाई जा रही बिजली दरों और अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था के विरोध में बुधवार 17 जून को प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ पुतला दहन भी किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने बताया कि कार्यक्रम शाम 4 बजे पावर हाउस स्थित अंबेडकर चौक के पास बिजली कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में लगातार बिजली दरों में वृद्धि से आम जनता, किसानों, व्यापारियों और घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी लगातार प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस ने बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर यह आंदोलन आयोजित किया है। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, एआईसीसी सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, पूर्व महापौर, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, अल्पसंख्यक विभाग, पार्षद, पूर्व पार्षद, जोन अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने सभी कांग्रेसजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

