🔴हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे
भिलाई नगर, 2 अगस्त 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) और भिलाई टाउनशिप को बचाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने रविवार से चार दिवसीय पदयात्रा की शुरुआत की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में निकाली गई इस पदयात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई पदयात्रा
पदयात्रा की शुरुआत सेक्टर-9 मेन हॉस्पिटल स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना और आशीर्वाद लेने के साथ हुई। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता पंडित रविशंकर शुक्ल की प्रतिमा स्थल पहुंचे, जहां भिलाई की औद्योगिक और सामाजिक पहचान को बचाने का संकल्प लिया गया। इसके बाद हाथों में तिरंगा, पार्टी के झंडे और बैनर लेकर पदयात्रा शुरू हुई।

भिलाई की पहचान बचाने की लड़ाई का दावा
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भिलाई केवल एक औद्योगिक शहर नहीं, बल्कि देश की एकता और विविधता का प्रतीक है। उनका आरोप था कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों से बीएसपी और भिलाई टाउनशिप का अस्तित्व खतरे में है। कांग्रेस ने घोषणा की कि भिलाई की पहचान और यहां के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
पदयात्रा में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, बीडी कुरैशी, अरुण वोरा, नीरज पाल, नीता लोधी, प्रतिमा चंद्राकर, देवेंद्र यादव, प्रदीप बाकलीवाल, जितेंद्र साहू, गिरवर साहू, इरफान खान, बृजमोहन सिंह, अतुल साहू, सीजू एंथोनी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

रास्तेभर हुआ स्वागत, बांटे गए पर्चे
पदयात्रा सेक्टर क्षेत्र, रिसाली, मरोदा, सुपेला और रामनगर सहित विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। जगह-जगह नागरिकों ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान लोगों के बीच राष्ट्रपति के नाम प्रस्तावित ज्ञापन की मांगों से संबंधित पर्चे भी वितरित किए गए।
पहले दिन जवाहर नगर में हुआ रात्रि विश्राम
चार दिवसीय इस पदयात्रा के पहले दिन का समापन जवाहर नगर स्थित मगध तेली समाज भवन में हुआ, जहां कार्यकर्ताओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में भी पदयात्रा जारी रहेगी और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

