आज होगा कॉमर्स प्रतिभाओं का सम्मान, 2000 से अधिक विद्यार्थी-पालक होंगे शामिल

आज होगा कॉमर्स प्रतिभाओं का सम्मान, 2000 से अधिक विद्यार्थी-पालक होंगे शामिल


भिलाईनगर, 22 अगस्त 2026। कॉमर्स के क्षेत्र में कार्यरत संस्था डॉ. संतोष राय इंस्टीट्यूट द्वारा आज शाम 4 बजे महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सीटीएस सहित सीए, सीएमए और सीएस की परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के डॉ. संतोष राय ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में कॉमर्स की लगातार बढ़ती महत्ता को देखते हुए संस्था की ओर से विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से कैरियर मार्गदर्शन कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। इस वर्ष सीएमए परीक्षा में संस्था के 99 से अधिक विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों में प्रोफेशनल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सीटीएस (कॉमर्स टैलेंट सर्च) परीक्षा भी आयोजित की जाती है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे दिखने वाले सदानंद नायक, मुंबई के डांसर तरुण नामदेव तथा केरल के कथककली और मोहिनीयाट्टम के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

संस्था के विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। गुरकीरत सिंह भंगू ने सीएमए फाइनल में ऑल इंडिया रैंक-4, जबकि नवनिधि कौर ने सीएमए इंटर में ऑल इंडिया रैंक-40 प्राप्त की है। कार्यक्रम में इन प्रतिभाओं सहित सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 2000 से अधिक कॉमर्स विद्यार्थी और उनके पालक शामिल होंगे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की जिम्मेदारी संस्था के 40 से 50 वरिष्ठ छात्र-छात्राएं संभालेंगे। संस्था का कहना है कि इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व और प्रबंधन क्षमता विकसित करने का अवसर भी मिलेगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा मिस मिट्टू, सीए प्रवीण बाफना, सीए केतन ठक्कर, पियुष जोशी, मिस अविनाश कौर, सीएमए अदिति गंगवानी, इंजीनियर अमित बाफना, सीए विक्रांत रघुवंशी और सीएमए अर्जुन राव ने तैयार की है।

संस्था में वर्तमान में पर्सनालिटी डेवलपमेंट, पब्लिक स्पीकिंग और जीडीपीआई की कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। इसके अलावा कक्षा 11वीं-12वीं के साथ सीए, सीएस और सीएमए की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। संस्था 196, जोनल मार्केट, सेक्टर-10, भिलाई में स्थित है।