दुर्ग में बढ़ी ठंड, जगह-जगह बिजली गुल, बारिश के साथ गिरे ओले, तेज हवा के साथ आज भी बरसेंगे बादल
भिलाई नगर, 29 दिसंबर। कल शाम मौसम ने अचानक ही मिजाज बदला और देखते ही देखते दुर्ग, राजनांदगांव, कवर्धा आदि जिलों में तेज आंधी व गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। भिलाई तीन सहित कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। बारिश की वजह से तापमान में अचानक तेजी से गिरावट दर्ज की गई है।
गौरतलब हो कि मौसम विभाग ने 2 दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी सहित ओले गिरने की चेतावनी जारी की थी। कल बारिश के बाद पारा अचानक 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और फिर से ठंड लौट आई। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के उत्तरी भाग में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 31 दिसंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। उससे पहले प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बदली के साथ ही बारिश होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती खेरा दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास लगभग डेढ़ किलो मीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। वहीं दक्षिण पश्चिम राजस्थान से उत्तर तेलंगाना तक विदर्भ होते हुए एक द्रोणिका भी 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवर्ती घेरा उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में डेढ़ किलो मीटर की ऊंचाई तक स्थित है। इन सब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में तेज हवा व गरज चमक के साथ बारिश हुई है और आने वाले दो दिनों में और भी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ ही भिलाई तीन क्षेत्र, दुर्ग के अमलेश्वर और राजनांदगांव जिले के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक ओला गिरने से तापमान तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड बढ़ेगी।

