कोयला लेवी घोटाला : IAS अधिकारी समीर विश्नोई की करोड़ों की संपत्ति अटैच

कोयला लेवी घोटाला : IAS अधिकारी समीर विश्नोई की करोड़ों की संपत्ति अटैच


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 18 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में चर्चित कोयला लेवी घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई की करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच कराने की दिशा में अहम कदम उठाया है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अपराध क्रमांक 23/2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में जांच के दौरान समीर विश्नोई के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। जांच में सामने आया कि उन्होंने कोयला लेवी से जुड़े अवैध लेनदेन के माध्यम से भारी संपत्ति अर्जित की।

करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा

ब्यूरो द्वारा की गई जांच में समीर विश्नोई के नाम पर करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों का पता चला। पूर्व में 5 अचल संपत्तियों की प्रोविजनल अटैचमेंट की कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा जांच में करीब 4 करोड़ 9 लाख रुपये की अतिरिक्त अवैध संपत्ति का भी खुलासा हुआ।

विशेष न्यायालय से मिला अटैचमेंट का आदेश

मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, रायपुर में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर सुनवाई के बाद 17 अप्रैल 2026 को न्यायालय ने समीर विश्नोई की उक्त अचल संपत्तियों के अटैचमेंट का आदेश जारी कर दिया।

संपत्तियों की खरीदी-बिक्री पर रोक

अटैचमेंट आदेश जारी होने के बाद आरोपी द्वारा अर्जित सभी संबंधित अचल संपत्तियों की खरीदी-बिक्री पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है।

अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई जारी

ब्यूरो ने बताया कि इस कार्रवाई से प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संदेश गया है। इससे पहले भी अन्य मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है और कोयला लेवी घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों की जांच और कुर्की की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।