हैदराबाद में CM साय का निवेश मिशन, उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में निवेश का दिया न्योता

हैदराबाद में CM साय का निवेश मिशन, उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में निवेश का दिया न्योता


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 12 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हैदराबाद में आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश की अपार संभावनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेशक-अनुकूल वातावरण और उद्योगों के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश के सबसे तेजी से उभरते औद्योगिक राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार ने निवेश प्रक्रियाओं को पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और उद्योग हितैषी बनाया है, जिससे निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने निवेशकों को बताया कि छत्तीसगढ़ में उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), खाद्य प्रसंस्करण और खनिज आधारित उद्योगों के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


मुख्यमंत्री ने विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ चर्चा कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर मंथन किया तथा उन्हें छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति और निवेशक-अनुकूल फैसलों के कारण छत्तीसगढ़ को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में सफल निवेशक संवाद कार्यक्रमों के बाद अब हैदराबाद में “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की निवेश प्रोत्साहन पहल से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच छत्तीसगढ़ के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ा है।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि हैदराबाद में आयोजित यह निवेशक संवाद कार्यक्रम नए निवेश प्रस्तावों को आकर्षित करने के साथ-साथ प्रदेश में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को भी नई गति देगा।