सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 06 जून ।केसर नगर स्थित गायत्री विद्यापीठ के लिपिक द्वारा 40 लाख 48 हजार रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। लिपिक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है। दर्ज शिकायत के अनुसार स्कूल के लिपिक उत्तम बिश्वास ने स्कूल के कर्मचारियों की कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की राशि किस्तों में 40 लाख 48 हजार को अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। यहीं नहीं आरोपित लिपिक ने 2019 से फर्जी दस्तावेज और फर्जी क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर विद्यालय के पंजाब नेशनल बैंक के खाता से लाखों रुपये का गबन कर अपने एक्सिस बैंक के एकाउंट में निजी उपयोग के लिए ट्रांसफर किया है। स्कूल प्रबंधन को इसकी भनक तब लगी, जब ईपीएफ की इनफोर्समेंट आफिसर नाजमीन केपी स्क्ूल पहुंचकर संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों की ईपीएफ कटौती की राशि जमा नहीं होने की जानकारी दी, इसके बाद स्क्ूल प्रबंधन के होश उड़ गए। प्रबंधन ने गंभीरता से जांच की। जांच के दौरान 40 लाख 48 हजार 806 रुपये की हेराफेरी पकड़ में आइ।
0 दूसरे संस्थान की रसीद से छेड़छाड़
भिलाई सुपेला राधिका नगर निवासी लिपिक उत्तम बिश्वास ने कर्मचारियों की भविष्य निधि की राशि जमा करने के संबंध मे दूसरे संस्थानो की रसीद में काटछांट कर गायत्री शिक्षण समिति संस्थान का रसीद बताकर संस्था में नकली रसीद जमा करता था। संस्था के बैंक स्टेटमेंट मे कांटछांट कर नकली स्टेटमेंट प्रस्तुत करता था। लिपिक द्वारा लाखों रुपये गबन करने के बाद स्कूल प्रशासन की नींद खुली जब तक काफी देर हो चुकी थी। गायत्री शिक्षण समिति के चेयरमेन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
0 आइडी पासवर्ड उसी के पास था
ईपीएफ विभाग की इनफोर्समेंट आफिसर नाजमीन केपी ने स्कूल प्रबंधन को बताया कि कर्मचारियों की भविष्य निधि कटौती की राशि जमा नहीं हो रही है। जिसके बाद संस्थान ने उन्हें जमा कराई गई राशि की पावती दिखाई गई। इन पावतियों की जांच की गई। जांच में सारी पावतियां नकली निकलीं। लिपिक ही ईपीएफ संबंधी सारे कार्य को संपादित करता था। उसी के पास बैंक का पेमेंट संबंधी आइडी, पासवर्ड था।
0 आवेदन देकर मुकरा
संस्थान को गबन की भनक लगी तो काफी देर हो चुकी थी। पूछताछ में लिपिक ने भविष्य निधि की राशि को अपने खाता में ट्रांसफर करना स्वीकार किया। वहीं राशि को संस्थान को लौटाने एक आवेदन भी दिया। लेकिन आरोपित आवेदन देकर मुकर गया। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में हुई है। पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर जांच में जुट गई है।
0 अभी जांच कर रहे
एमन साहू, थाना प्रभारी, कोतवाली ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने लिखित शिकायत की है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है। इसके बाद ही आरोपित की गिरफ्तारी होगी।
