गांधी जयंती पर साइकिलिंग के लिए निकला ग्यारहवीं का छात्र आज तक नहीं लौटा, सैकड़ों सीसीटीवी खंंगालने पर भी कोई सुराग नहीं
भिलाई नगर, 13 अक्टूबर। भिलाई इस्पात संयंत्र में काम करने वाले कर्मचारी के बेटे को खोजने जहां दो सप्ताह से माथापच्ची जारी है वहीं उसके घर में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। लापता बालक के परिजन और पुलिस टीम उसके मिलने के हर संभव स्थान पर खोजबीन कर चुके लेकिन अब तक कोई सुराग तक नहीं लगा है। भट्ठी पुलिस इस लापता बालक की तलाश में हर संभव प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-4 सड़क निवासी चन्नईया पिरपनैनी का बेटा प्रणय पिरपनैनी दो अक्टूबर की सुबह से गायब है। वह सुबह 7 बजे साइकिलिंग के लिए घर से निकला था। उसके बाद वापस घर नहीं लौटा। बताया जा रहा है कि सेक्टर 10 हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला प्रणय अपने घर वालों के दबाव में था। परिजन उसे कहीं जाने नहीं देते थे और उस पर हर समय नजर रखते थे। प्रणय पढ़ने में काफी अच्छा था। वह किसी बुरी संगत में न पड़ जाए इस डर से परिजन उसके ऊपर विशेष ध्यान देते थे और यह सब प्रणय को पसंद नहीं था।
थाना प्रभारी भट्ठी थाना बृजेश कुशवाहा ने बताया कि प्रणय की तलाश में पुलिस की टीम को हर उस जगह भेजा गया, जहां वह हो सकता था। सभी जगह पूछताछ करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने उसका पता लगाने के लिए सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है। इसके बावजूद उसका कुछ पता नहीं चल सका है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन जैसे सभी सार्वजनिक स्थानों में भी प्रणय का पता लगाया है।
प्रणय की मां इसी आस में बैठी है कि कब वह अपने बेटे को देखेगी। प्रणय के पिता अभी भी उसकी तलाश में अलग-अलग जगह जा रहे हैं। उनका कहना है कि अगर किसी को भी उनके बेटे के बारे में जानकारी लगे तो उनके मोबाइल नंबर 7587436976 पर संपर्क कर जानकारी दें।

