बरसात में जर्जर बीएसपी आवासों को लेकर सीटू यूनियन की चेतावनी

बरसात में जर्जर बीएसपी आवासों को लेकर सीटू यूनियन की चेतावनी



🔴कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग

भिलाईनगर, 9 जुलाई 2026। बारिश के मौसम में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के जर्जर आवासों की स्थिति को लेकर हिन्दुस्तान स्टील एम्प्लाइज यूनियन (सीटू) ने प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

यूनियन के अध्यक्ष विजय कुमार और महासचिव टी. जोगा राव की ओर से कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बीएसपी में रिटेंशन स्कीम बंद होने और लाइसेंस प्रणाली के तहत भी आवास आवंटन नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे कई बीएसपी आवास खाली पड़े हैं। दूसरी ओर, अनेक कर्मचारी ऐसे जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं, जहां बारिश शुरू होते ही छतों से पानी टपकने, सीपेज, प्लास्टर और छज्जे गिरने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

यूनियन ने कहा कि ऐसे हालात कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

यूनियन की प्रमुख मांगें

  • हाउस अलॉटमेंट कार्यालय में तत्काल हेल्प डेस्क स्थापित कर आवास संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
  • सेवानिवृत्ति अथवा अन्य कारणों से खाली हुए बीएसपी आवासों का प्राथमिकता के आधार पर जरूरतमंद कर्मचारियों को आवंटन किया जाए।
  • जिन आवासों में लगातार पानी टपक रहा है या जिनकी छत और छज्जे जर्जर हो चुके हैं, वहां रहने वाले कर्मचारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
  • टाउनशिप में उपलब्ध रिक्त आवासों का पारदर्शी तरीके से आवंटन कर कर्मचारियों को उनकी आवश्यकता और पात्रता के अनुसार सुरक्षित एवं बड़े आवास उपलब्ध कराए जाएं।
  • बारिश के मौसम को देखते हुए जर्जर आवासों की तत्काल मरम्मत कराई जाए अथवा वैकल्पिक सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए।
  • सब-लेट-टू-वेकेंट (Sub Let to Vacant) योजना के तहत आवंटित आवासों में भी वेलकम और मेंटेनेंस कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।

यूनियन ने विश्वास जताया है कि बीएसपी प्रबंधन कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक निर्देश जारी करेगा।