शहर के सभी पहुंच मार्गों की बदहाली से त्रस्त नागरिकों ने बनाई मानव श्रृंखला, प्रदेश सरकार एवं निगम प्रशासन के खिलाफ श्री रामायण प्रचार समिति एवं भाजपा ने किया प्रदर्शन
भिलाई नगर 6 मार्च । सड़क निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ करो की मांग को लेकर आज श्री रामायण प्रचार समिति एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा आज जलेबी चौक से सुभाष चौक तक करीब सवा किलोमीटर की मानव श्रृंखला बनाकर नगर निगम एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। शहर की सभी पहुंच मार्गो की दशा बदहाल हो चुकी है। पदयात्रा के दौरान स्वयं मुख्यमंत्री के द्वारा निगम चुनाव के पश्चात सभी सड़कों का उद्धार करने का आश्वासन दिया गया था। परंतु प्रदेश सरकार एवं निगम प्रशासन दोनों ही अपने वादे भूल चुका है।

श्री रामायण प्रचार समिति के राम उपकार तिवारी ने बताया कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र के सभी पहुंच मार्ग की हालत खस्ता हो चुकी है। विगत 3 वर्षों से इन सड़कों का मरम्मत कार्य तक नहीं हो सका है। गली मोहल्ले से गुजर जाए सड़कों की हालत बद से बदतर है। सभी सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। लगातार श्री रामायण प्रचार समिति एवं भारतीय जनता पार्टी के द्वारा लगातार प्रदेश सरकार जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन को शहर की बदहाल सड़कों की वस्तु स्थिति से अवगत कराया जाता रहा है। इसके बावजूद आज पर्यंत तक कोई भी सुधार कार्य नहीं हो सका है।
श्री तिवारी ने बताया कि नगर पालिक निगम चुनाव के पूर्व स्वयं मुख्यमंत्री के द्वारा पदयात्रा के दौरान पोट्टी श्रीरामलू चौक से जलेबी चौक और लाल मैदान तक पदयात्रा की गई थी । इस दौरान प्रदेश के मुखिया के द्वारा नगर निगम चुनाव के पश्चात शीघ्र ही सभी जर्जर सड़कों का उद्धार करने का वादा किया गया था। परंतु वह अपना वादा भूल चुके हैं । नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद भी अभी तक इन जर्जर सड़कों की निगम प्रशासन एवं प्रदेश सरकार के द्वारा सुध तक नहीं ली गई है।
जिसके कारण नागरिकों को आवागमन में अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पदयात्रा के दौरान आनन-फानन में प्रशासन के द्वारा गड्ढों में जीरा गिट्टी डाल कर खानापूर्ति की गई थी। परंतु इसी जीरा गिट्टी से प्रतिदिन धूल का गुबार उठता है। जिसके कारण आसपास के रहवासियों एवं व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । इसी परिस्थितियों से प्रशासन को अवगत कराने के लिए आज श्री रामायण प्रचार समिति एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा जलेबी चौक से लेकर सुभाष चौक तक करीबन सवा किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई।
इस मानव श्रृंखला में सैकड़ों की संख्या में नागरिक भाजपा कार्यकर्ता एवं समिति के पदाधिकारी कार्यकर्ता ने अपनी भागीदारी दी। इस मानव श्रृंखला बनाने में सत्य देवी जयसवाल, विनोद चेलक ,लक्ष्मी साहू, चंद्रिका तिवारी, शिवमंगल सिंह, शिवसागर मिश्रा, संता बाई जंघेल, इंदू कौर, लता जंघेल, विष्णु मिश्रा, पिंटू सिंह, उदय सिंह, ओंकार सिंह, अवतार सिंह, रोहित यादव, प्रदीप सेन गुप्ता, गोविंदा चौधरी, विनोद यादव, विनोद चौधरी, सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

