🔴जामुल पुलिस ने दर्ज किया मामला
भिलाई, 17 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्ति ने उसका अपहरण कर लिया है। शिकायत के आधार पर जामुल पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक भूषण जागड़े (41 वर्ष), निवासी वार्ड 41, साहू होटल के पास नेपाली मोहल्ला, शंकर नगर छावनी 11 अगस्त को अपने परिचित ड्राइवर मनीष कुमार श्रेष्ठ के साथ बोलेरो पिकअप क्रमांक CG07DD4650 में हेल्पर के तौर पर निकला था। वाहन में ओडिशा से माल लोड कर गोरखपुर जाना था।
परिजनों के अनुसार 13 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे कोटिला टोल प्लाजा के पास, आजमगढ़ रोड, थाना गंभीरपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) में भूषण वाहन से उतर गया और उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। करीब 5.12 बजे चालक मनीष कुमार श्रेष्ठ ने भूषण के बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि भूषण को किसी अज्ञात व्यक्ति ने डरा-धमकाकर या छलपूर्वक किसी अवैध उद्देश्य से अपने साथ ले गया है। परिजनों का कहना है कि यदि वह स्वेच्छा से कहीं गया होता तो वापस घर लौट आता।
घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर भूषण की तलाश शुरू की है। मामले की जानकारी सीआईडी/डीसीबी शाखा दुर्ग को भी भेजी गई है। पुलिस द्वारा लापता व्यक्ति के संबंध में विभिन्न स्तरों पर पतासाजी की जा रही है।
यह है लापता व्यक्ति का हुलिया
पुलिस के अनुसार भूषण जागड़े का रंग सांवला, चेहरा गोल, बाल हल्के भूरे तथा दाढ़ी-मूंछ है। घटना के समय उसने पीले रंग की ‘जेके लक्ष्मी सीमेंट’ लिखी टी-शर्ट और क्रीम रंग की पैंट पहन रखी थी। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और हिंदी व छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।
जामुल पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ ही लापता भूषण की तलाश में जुटी है।

