Chhattisgarh Weather : अगले 48 घंटे में 3°C तक गिरेगा तापमान

Chhattisgarh Weather : अगले 48 घंटे में 3°C तक गिरेगा तापमान


🔴कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट….

सीजी न्यूज ऑनलाइन 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ में ठंड अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट और उत्तरी इलाकों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है, लेकिन रात और सुबह का पारा लगातार नीचे जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर तेजी से गहराता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान स्थिर रहने की संभावना है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक अधिकतम तापमान: 31.4°C दुर्ग में सबसे कम न्यूनतम तापमान: 7.5°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। अंबिकापुर समेत उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सुबह की ठिठुरन बढ़ गई है और ठंडी उत्तरी हवाएँ बह रही हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो चुनिंदा क्षेत्रों में शीतलहर चल सकती है। सरगुजा, कोरिया, जशपुर और कोरबा के कुछ पॉकेट्स में तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है।
शीतलहर की स्थिति में शरीर का तापमान तेजी से गिरने का खतरा रहता है, इसलिए सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग जरूरी है।

मौसम विभाग के अनुसार कल भी प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरी हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। दो दिनों के बाद भी प्रदेश में शुष्क मौसम का ही अनुमान है। हालांकि, उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर दोबारा महसूस किया जा सकता है।आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी और मौसम शुष्क ही रहेगा। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी रखने की सलाह दी है।