दुर्ग में 4 अक्टूबर को होगी छत्तीसगढ़ SET परीक्षा, 24,143 परीक्षार्थी होंगे शामिल

दुर्ग में 4 अक्टूबर को होगी छत्तीसगढ़ SET परीक्षा, 24,143 परीक्षार्थी होंगे शामिल


🛑80 केंद्रों पर होगी आयोजित, साइंस कॉलेज में दिया गया प्रशिक्षण

दुर्ग, 02 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ सेट परीक्षा 2026 के आयोजन को लेकर दुर्ग जिले के सभी 80 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 250 से अधिक केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों ने हिस्सा लिया।

4 अक्टूबर 2026 रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारी एवं दुर्ग एसडीएम सोनल डेविड, दुर्ग जिले के समन्वयक डॉ. अजय कुमार सिंह तथा सहायक समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना ने आवश्यक जानकारी दी। डॉ. सुराना ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परीक्षा संचालन की प्रक्रिया और महत्वपूर्ण निर्देशों को विस्तार से समझाया।

30 विषयों में 80 केंद्रों पर परीक्षा

दुर्ग जिले के समन्वयक डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ SET 2026 की परीक्षा 30 विषयों में 80 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। जिले में परीक्षा केंद्रों का विस्तार पाटन से धमधा तक है। दुर्ग जिले में कुल 24,143 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए आबंटित किए गए हैं।

पहली पाली में 10 से 11:15 बजे तक परीक्षा

पहली पाली की परीक्षा 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से 11:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य है। सुबह 9:30 बजे सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से 4:15 बजे तक होगी। इसके लिए परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को वैध प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता परिचय पत्र अथवा फोटोयुक्त बैंक पासबुक शामिल हैं। किसी भी पहचान पत्र की फोटोकॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी।

व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को हाफ बांह वाले हल्के रंग के कपड़े और चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र आने के निर्देश दिए गए हैं। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा।

साईंस कॉलेज में जमा होगी गोपनीय सामग्री

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि दोनों पालियों की परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय परीक्षा सामग्री समन्वय केंद्र साईंस कॉलेज, दुर्ग स्थित शहीद वीर नारायण सिंह ऑडिटोरियम में जमा कराई जाएगी। परीक्षा व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए साईंस कॉलेज, दुर्ग में 12 सहायक समन्वयकों की नियुक्ति की गई है।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों से केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को अवगत कराया गया।