सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 20 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर भर्ती के लिए शीघ्र ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया के संचालन हेतु शासन ने छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को अधिकृत किया है। विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा चयन
इन पदों पर चयन व्यापम द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह भर्ती राज्य के विभिन्न सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है।
युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
राज्य सरकार के इस फैसले से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा। साथ ही प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को अवसर प्राप्त होगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आने वाले दिनों में जारी किए जाएंगे।
2023 भर्ती प्रक्रिया पूर्ण
उल्लेखनीय है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।
इस नई भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

