छत्तीसगढ़ 3 महीने में 8 लोगों की हत्या की साइको किलर ने, रंजिश, शक बना कारण

छत्तीसगढ़ 3 महीने में 8 लोगों की हत्या की साइको किलर ने, रंजिश, शक बना कारण


🔴जहर मिलाकर शराब पिलाता था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 23 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 लोगों की संदिग्ध मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के ही निवासी रामसहाय जायसवाल (46) ने पुरानी रंजिश, विवाद, कर्ज, पत्नी पर गलत नजर रखने के शक तथा टोना-टोटका की आशंका के चलते लोगों को जहर मिलाकर शराब पिलाई, जिससे एक-एक कर 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवक की जान बच गई।

पुलिस के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब 6 जून को ग्रामीणों ने कसडोल थाने में आवेदन देकर गांव में लगातार हो रही मौतों की जांच की मांग की। ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 7 मृतकों के शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम तथा फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे। एक मृतक बुधराम का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चूहा मारने के बहाने जहरीला पदार्थ खरीदा था। तकनीकी साक्ष्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन बाद में पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले जहर का परीक्षण एक कुत्ते पर किया था। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में गांव के लोगों को शराब पिलाने के दौरान उसमें जहरीला पदार्थ मिलाकर उनकी हत्या कर दी। मंगलवार को पुलिस आरोपी को उसके घर, दुकान और घटनास्थलों पर लेकर पहुंची, जहां से शराब में मिलाया जाने वाला जहरीला पदार्थ बरामद किया गया। इस दौरान आरोपी को देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश दिखाई दिया।

तीन महीने में आठ लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार खर्वे गांव में संदिग्ध मौतों का सिलसिला 6 फरवरी 2026 को बद्री पटेल की मौत से शुरू हुआ था। इसके बाद 20 फरवरी को बुढालू साहू, 12 मार्च को बुधराम जायसवाल, 20 मार्च को छत्तूराम साहू, 31 मार्च को विनोद साहू, 28 अप्रैल को गजानंद मांझी, 29 अप्रैल को चैतूराम साहू तथा 14 मई को महेतरू साहू की मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों से गांव में दहशत का माहौल बन गया था।

खजाने के लिए बलि की चर्चा भी रही

ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी थी कि कथित रूप से गड़े हुए धन को पाने के लिए 21 लोगों की बलि देने की योजना बनाई गई है। गांव में अफवाह थी कि 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 13 लोग अभी बाकी हैं। हालांकि पुलिस जांच में इस तरह का कोई तथ्य सामने नहीं आया है।

8 हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा ने बताया कि आरोपी रामसहाय जायसवाल के खिलाफ 8 लोगों की हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी लोगों को बुलाकर शराब पिलाता था और उसमें जहरीला पदार्थ मिलाकर उनकी जान लेता था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।