छत्तीसगढ़ जॉब अलर्ट : वन विभाग में विभिन्न संवर्ग के 1920 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, वन रक्षकों के 1525 पद, कार्यालयीन संवर्ग के 395 पद शामिल

<em>छत्तीसगढ़ जॉब अलर्ट : वन विभाग में विभिन्न संवर्ग के 1920 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, वन रक्षकों के 1525 पद, कार्यालयीन संवर्ग के 395 पद शामिल</em>


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन डेस्क, 12 मई । वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर विभिन्न संवर्ग में 1920 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें वन एवं वन्य प्राणियों के प्रबंधन एवं संरक्षण को सुदृढ़ करने के लिए वन रक्षकों के 1525 रिक्त पदों की भर्ती की स्वीकृति जारी की गई है। इसके साथ ही वन विभाग के प्रशासनिक इकाईयों में विभागीय एवं कार्यालयीन कार्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सहायक ग्रेड-3 के 187, डाटा एण्ट्री ऑपरेटर के 30, शीघ्र लेखक के 34, वाहन चालकों के 144 पद सहित कुल 395 पद शामिल किए गए हैं।

गौरतलब है कि राज्य सरकार के निर्देश पर त्वरित पहल करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप वन मंत्री मोहम्मद अकबर कुशल के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा उक्त पदों पर शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के तत्काल बाद इन पदों की भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वन विभाग द्वारा रिक्त पदों की भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शिता एवं त्वरित गति से करने के उद्देश्य से वनरक्षक, सहायक ग्रेड-3, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर, शीघ्रलेखकों के पदों की भर्ती छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के माध्यम से किए जाने का निर्णय लिया गया है।