छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस चुनाव में नियमों पर बवाल, कई नेता पहुंचे दिल्ली दरबार

छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस चुनाव में नियमों पर बवाल, कई नेता पहुंचे दिल्ली दरबार


🔴दावेदारों को बड़े नेताओं का समर्थन

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 09 अगस्त 2026। प्रदेश युवक कांग्रेस के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कई युवा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान बार-बार नियमों में बदलाव किए जाने का आरोप लगाया है। नाराज नेता पार्टी नेतृत्व से शिकायत करने दिल्ली पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, चुनाव में बड़े कांग्रेस नेताओं की सक्रियता भी बढ़ गई है और वे अपने-अपने समर्थित दावेदारों के पक्ष में बैठकें कर रहे हैं।

नियमों में बदलाव को लेकर उठे सवालों पर चुनाव प्रभारी जसप्रीत सिंह ने ‘ चर्चा में कहा कि चुनाव संगठन का आंतरिक विषय है। नियमों में किसी तरह के बदलाव को लेकर पीआरओ के माध्यम से जानकारी दी जा रही है।

युवक कांग्रेस चुनाव के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 युवा योग्य पाए गए हैं। छानबीन के बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच नियमों में कथित बदलाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

एक विधानसभा वाले जिलों में चुनाव पर विवाद

सूत्रों के मुताबिक, चुनाव अधिकारियों ने पहले आधिकारिक तौर पर कहा था कि जिन जिलों में केवल एक विधानसभा क्षेत्र है, वहां विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नहीं होगा। इसी जानकारी के आधार पर कई दावेदारों ने नामांकन दाखिल नहीं किया। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऐसे जिलों में भी चुनाव कराने का फैसला किए जाने की बात सामने आ रही है। इससे कई इच्छुक नेता चुनाव लडने से वंचित होने का दावा कर रहे हैं।

इसके अलावा कुछ अन्य नियमों में भी संशोधन किए जाने की चर्चा है। इससे चुनाव लडने के इच्छुक नेताओं में नाराजगी बढ़ गई है। कई युवा नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ सोमवार को दिल्ली पहुंचेंगे। ये नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और युवक कांग्रेस प्रभारी मनीष शर्मा से मुलाकात कर नियमों में कथित हेरफेर पर आपत्ति दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

दावेदारों के पक्ष में बड़े नेताओं की सक्रियता

विवाद के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदारों ने प्रचार तेज कर दिया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोकोपाढ़ी, सत्येंद्र चेलक के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। चेलक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का समर्थन हासिल होने की चर्चा है। इसके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का समर्थन जुटाने की भी कोशिश चल रही है।

वहीं, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, शैलेंद्र बंजारे के समर्थन में प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। बंजारे समर्थकों का दावा है कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कई विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इनके अलावा प्रशांत बोकाड़े, हनी बग्गा समेत कई अन्य नेता भी प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं।

अगले एक सप्ताह में नामांकन और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। हालांकि, नियमों में बदलाव को लेकर उठे सवालों ने युवक कांग्रेस के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।