भिलाई नगर, 8 सितंबर।रिसाली में डीपीएस चौक के पास दो युवक महिला के गले से सोने की चैन खिंच भाग गए हैं। पीड़ित महिला कोचिंग सेंटर कर्मी है। सुबह लगभग 11 बजे हुई इस घटना की रिपोर्ट एक महीने बाद पीडित महिला ने भिलाई नगर थाना में दर्ज करवायी है।
भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि शांति स्वामी (50 वर्ष) क्वाटर नं. 308 एच रिसाली सेक्टर निवासी एक्सेस कोचिंग सेंटर सिविक सेंटर में काम करती है। वह 6 अगस्त की सुबह करीबन 11 बजे सिविक सेंटर से पैदल अपने घर रिसाली जा रही थी तभी डीपीएस चौक के पहले रोड के किनारे दो अज्ञात लड़के रोड के किनारे खड़े थे। जिसमें से एक लड़का उनके पास आया और गले की चैन खींच नर्सरी की तरफ भाग निकला। सोने की चैन करीबन 10 ग्राम की थी। अचानक घटी इस घटना से शांति काफी डर गई, उसने चीख पुकार मचाई लेकिन आरोपी भाग निकले। घर पहुंच शांति ने सभी को घटना की जानकारी दी लेकिन डर की वजह से उसने रिपोर्ट नहीं की। एक महीने बाद अपने भतीजा प्रशांत सेखिया के साथ थाना आकर उसने रिपोर्ट दर्ज करवायी है। लूट कारित करने वाले युवकों की आयु 19-20 वर्ष है। भिलाई नगर पुलिस संबंधित मामले में धारा 34 और 392 के तहत तफ्तीश कर रही है।

