70 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग का खुलासा, मां-बेटे निकले झपटमार

70 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग का खुलासा, मां-बेटे निकले झपटमार



🔴लूटी गई चेन एवं घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद, दोनों आरोपी हिरासत में

भिलाईनगर, 31 जुलाई 2026। भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय महिला से सोने की चेन झपटने की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक महिला और उसके युवक को हिरासत में लिया है। दोनों रिश्ते में मां-बेटे हैं।

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 में रहने वाली उमा देवी (70 वर्ष) अपने घर से कुछ दूरी पर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला और एक युवक उनके पास पहुंचे। आरोपी महिला ने बातचीत के बहाने कहा कि “लकड़ी से फूल तोड़ा करो” और अचानक उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है, झपट ली। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

पीड़िता की शिकायत पर भिलाई भट्ठी थाना में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 304(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घटना में शामिल जी. गौतम (20 वर्ष), निवासी कैंप-1 शांतिपारा तथा उसकी सगी मां जे. पार्वती (48 वर्ष) को पुलिस अभिरक्षा में लिया।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।