🛑पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, छावनी पुलिस ने दर्ज किया मामला
भिलाईनगर, 4 अक्टूबर 2026। छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस इलाके में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा फॉरेस्ट विभाग के बीट अफसर से सोने की चेन झपटकर लूटने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंचे बीट अफसर के चाचा से भी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी एन. रामा राव उम्र 39 वर्ष फॉरेस्ट विभाग में बीट फॉरेस्ट ऑफिसर के पद पर उतई बीट में पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे वह अपने चाचा एन. मूर्तिराज को साइकिल से पावर हाउस की ओर जाते हुए पीछे-पीछे अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एवियन बजाज शोरूम के पास पीछे से मोटरसाइकिल क्रमांक CG08AT7497 पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे।
पीछे बैठे युवक ने रामा राव के गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारा, जिससे चेन का आधा हिस्सा उसके हाथ में आ गया। रामा राव ने जब बचाव का प्रयास किया तो दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा एन. मूर्तिराज के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
मारपीट में रामा राव के बाएं हाथ में चोट आई है, जबकि दाएं हाथ, माथे और सिर में दर्द होना बताया गया है। उनके चाचा के माथे में भी चोट आई। वारदात के बाद दोनों आरोपी सोने की चेन का आधा हिस्सा, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है, लेकर बाइक से फरार हो गए।
प्रार्थी ने आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर देख लिया था। उसने पुलिस को बताया कि वह दोनों आरोपियों को पहले से नहीं जानता, लेकिन सामने आने पर पहचान सकता है। प्रार्थी द्वारा देर रात्रि 12:30 बजे की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 0680/26 दर्ज कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG08AT7497 में सवार दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

