दिनदहाड़े पैदल जा रही बुजुर्ग महिला के गले से खींची चेन, हुई झूमा झटकी, सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश आरोपी हुए कैद

दिनदहाड़े पैदल जा रही बुजुर्ग महिला के गले से खींची चेन, हुई झूमा झटकी, सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश आरोपी हुए कैद


भिलाई नगर, 7 सितंबर। भिलाई 3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल भरी दोपहरी पैदल घर जा रही बुजुर्ग महिला के गले से स्कूटर सवार आरोपी चेन खींचकर फरार हो गए। इस दौरान दोनों के मध्य झूमाझटकी भी हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है इसी फुटेज के आधार पर भिलाई 3 पुलिस आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि भिलाई तीन कामिनी कॉम्प्लेक्स के पीछे रहने वाली 60 साल की निर्मला देवी सोंधिया पति मदन मोहन सोंधियां 6 सितंबर दोपहर दो बजे लूट का शिकार हो गईं। निर्मला देवी किसी काम से अंबिकापुर गई हुईं थीं, वहां से मंगलवार को लौटी और पावर हाउस रेलवे स्टेशन से भिलाई तीन के लिए आटो लिया। आटो से वह जीई रोड के पास वार्ड 19 साईं कार श्रृंगार के पीछे दोपहर करीब 2 बजे उतरीं। वहां से वो पैदल अपने घर की तरफ जा रही थीं तभी अचानक स्कूटर से दो नकाबपोश लड़के आए और उन्होंने निर्मला देवी के गले से चेन खिंचने की कोशिश की, इस दौरान महिला ने लड़कों को पकड़ लिया। दोनों के बीच झूमाझटकी हुई। निर्मला देवी का बेटा यह देख बचाने के लिए दौड़ा, तब तक आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और 18 ग्राम वजनी 90 हजार रुपए कीमत की चेन लूटकर रायपुर की तरफ भाग गए। पुलिस ने जीई रोड के किनारे एक दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तस्वीर निकाली है जिस आधार पर पतासाजी की जा रही है। भिलाई 3 पुलिस के द्वारा अज्ञात लुटेरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।