🔴सुबह 6 बजे पहुंची टीम, कई घंटों से दस्तावेजों की जांच जारी
भिलाईनगर, 03 जून 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार सुबह भिलाई में पूर्व आईएएस अधिकारी जीवन किशोर ध्रुव के निवास पर छापेमार कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम सुबह करीब 6 बजे भिलाई के सेक्टर-10 स्थित क्वार्टर नंबर 9सी, सड़क-44 पहुंची। टीम सुरक्षा बलों के साथ दो वाहनों में पहुंची है। कार्रवाई में प्रयुक्त वाहनों के क्रमांक CG 07 PS 7306 एवं CG 07 ND 9838 बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई अधिकारियों द्वारा निवास पर मौजूद दस्तावेजों एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक टीम करीब चार घंटे से अधिक समय से जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

बताया जाता है कि जीवन किशोर ध्रुव पूर्व में दुर्ग जिले में परिवहन विभाग में अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में सचिव पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सीबीआई की यह कार्रवाई CGPSC भर्ती घोटाले से जुड़ी जांच का हिस्सा मानी जा रही है।
हालांकि सीबीआई की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों एवं तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

