CGBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू, मंत्री गजेंद्र यादव ने किया निरीक्षण

CGBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू, मंत्री गजेंद्र यादव ने किया निरीक्षण



दुर्ग, 20 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा शुक्रवार से प्रारंभ हो गई। स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सुबह परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने दुर्ग स्थित आदर्श कन्या शासकीय स्कूल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ स्कूली शिक्षा विभाग की सचिव पुष्पा साहू भी मौजूद थी।


सीजी न्यूज ऑनलाइन से चर्चा में मंत्री श्री यादव ने कहा कि छात्र-छात्राएं पूरे वर्ष भर मेहनत करते हैं और परीक्षा उस मेहनत को प्रदर्शित करने का अवसर होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे बिना किसी तनाव के शांतिपूर्वक परीक्षा दें। साथ ही एग्जाम फोबिया को लेकर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल कदम न उठाने की सलाह देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


पहले दिन भौतिक शास्त्र और भूगोल का पेपर


पहले दिन विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों का भौतिक शास्त्र एवं कला संकाय के छात्रों का भूगोल विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में सुबह 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए गए और परीक्षा का समय 9:15 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित रहा।


दुर्ग जिले में 135 परीक्षा केंद्र


दुर्ग जिले में इस वर्ष कुल 135 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दुर्ग में 68, पाटन में 36 और धमधा में 31 केंद्र शामिल हैं।
जिले में कक्षा 10वीं के 16,857 और कक्षा 12वीं के 13,563 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। दुर्ग विकासखंड में 10वीं के 9,951 एवं 12वीं के 8,114 विद्यार्थी, धमधा में 3,340 एवं 2,526 तथा पाटन में 3,566 एवं 2,923 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
कक्षा 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक तथा 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।