सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में विजयादशमी पर्व पर शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव ज़िले की SP अंकिता शर्मा की ओर से एके 47 से फ़ायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है.
राजनंदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने कहा है पुलिस मुख्यालय को टिप्पणी के साथ रिपोर्ट भेजी जाएगी और दिशा-निर्देश के मुताबिक़ इस प्रकरण में समुचित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.
अजय यादव ने कहा, “पुलिस अधीक्षक द्वारा सिविल ड्रेस में हर्ष फायर करने का जो वीडियो वायरल हुआ है, उस वीडियो पर आए हुए विभिन्न प्रकार के कमेंट्स को देखते हुए नकारात्मक कमेंट्स को पुलिस की गरिमा के विपरीत पाया गया. सुरक्षा नियमों की अनदेखी को देखते हए, पुलिस मुख्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है. पूरा प्रकरण पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में है.”
गौरतलब है कि विजयादशमी पर अविभाजित मध्य प्रदेश के समय से पुलिस की ओर से शस्त्र पूजा की परंपरा रही है.
इस साल शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वो एके-47 से फ़ायरिंग करती हुई नज़र आ रही हैं. हालांकि राज्य के दूसरे ज़िलों से भी ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिसमें पुलिस अधिकारी फ़ायरिंग कर रहे हैं.
लेकिन अंकिता शर्मा की फ़ायरिंग करती हुई क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.
बड़ी संख्या में यूजर ने उन्हें तेज़-तर्रार अधिकारी बताते हुए, इसे पुलिस परंपरा का हिस्सा बताया है और उनकी प्रशंसा की है.
वहीं दूसरी ओर एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जो इसकी आलोचना करते हुए, इसे अनुशासनहीनता बता रहा है.

