सीजी न्यूज ऑनलाइन, 02 सितंबर 2026। बिलासपुर के सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल में करीब सात वर्षों से वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत महावीर साहू को फर्जी मार्कशीट के मामले में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विभागीय जांच में नौकरी के लिए जमा की गई आठवीं कक्षा की मार्कशीट फर्जी पाई गई।
महावीर साहू, पिता परदेशी राम साहू, की नियुक्ति के बाद उनके प्रमाणपत्रों को लेकर तत्कालीन कलेक्टर अवनीश शरण के पास शिकायत पहुंची थी। इसके बाद कॉलेज की समिति ने प्रारंभिक जांच की और मामला विभागीय जांच के लिए भेजा गया।
जांच में सामने आया कि महावीर ने नौकरी के लिए वर्ष 2008 की आठवीं कक्षा की मार्कशीट प्रस्तुत की थी। इसमें रोल नंबर 26987 दर्ज था और विद्यालय के रूप में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, हसौद, ब्लॉक जैजैपुर, जिला जांजगीर-चांपा का उल्लेख था। विभागीय जांच के दौरान संबंधित स्कूल से मार्कशीट का सत्यापन कराया गया। स्कूल प्रबंधन ने दस्तावेज को फर्जी बताया।
जांच के दौरान कर्मचारी द्वारा अपनी गलती स्वीकार किए जाने की जानकारी भी सामने आई। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 14 के तहत निर्धारित प्रक्रिया अपनाई गई और कर्मचारी को नोटिस दिया गया। कॉलेज प्रबंधन ने 28 अगस्त को महावीर साहू की सेवाएं समाप्त कर दीं। मामले में आगे की वसूली और अन्य कार्रवाई के लिए राज्य सरकार से पत्राचार शुरू किया जा रहा है।

