CG ख़बर : युवक की पुलिस कस्टडी में मौत, भीड़ ने थाने पर किया पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

CG ख़बर : युवक की पुलिस कस्टडी में मौत, भीड़ ने थाने पर किया पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले


सीजी न्यूज ऑनलाइन 25 अक्टूबर । शहर में गुरुवार को बवाल मच गया। लोगों ने कोतवाली थाने पर हमला कर दिया है। पुलिस ने आंसू गैसे के गोले छोड़े हैं। दरअसल शहर के कोतवाली थाने के वाशरूम में एक युवक ने फांसी लगा ली। उस युवक को एक मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।

बताया जा रहा है कि, थाने में फांसी लगाने की खबर फैलते ही कांग्रेसी पार्टी से जुड़े कुछ लोग वहां पहुंचे। उनके साथ कुछ स्थानीय लोग भी शामिल थे। इन लोगों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके साथ लोगों की भीड़ थाने के बाहर जमा होने लगी। हंगामा बढ़ता ही चला गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, थाने में फांसी लगाने वाला युवक एनआरएचएम में चपरासी के पद पर पदस्थ था। मृतक का नाम गुरुचरण मंडल था, वह संतोषीनगर गांव का रहने वाला था। उसके कुछ साथी स्वास्थ्यकर्मी भी कोतवाली थाने पहुंचे थे। वे लोग इस घटना की न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे। उधर इस बीच मृतक के पिता को भी थाने के अंदर रखा गया था।

कोतवाली थाने के सामने मौजूद भीड़ का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा था। थोड़ी ही देर में भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और स्थानीय सड़कों पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे। कोतवाली थाने के सामने मृत युवक के परिजनों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इसी झड़प में पुलिस थाने की रेलिंग टूट गई। वहीं थाने के अंदर भी पथराव किया गया।

प्रदर्शनकारियों के द्वारा एसडीएम एवं थाने की गाड़ी पर पत्थरबाजी कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस के द्वारा आंसू गैस के गोले एवं लाठी चार्ज कर प्रदर्शनकारियों को थाना के बाहर किया गया।