CG News : जामुन बेचने निकले थे दो युवक, घर लौटी मौत की खबर

CG News : जामुन बेचने निकले थे दो युवक, घर लौटी मौत की खबर


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 14 जून 2026। भारतमाला हाईवे पर तेज रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार देर रात बलौदा ब्लॉक के पंतोरा क्षेत्र स्थित मुदाभाठा जिला जांजगीर चांपा के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जामुन से भरी पिकअप वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर और सिम्स रेफर किया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करवा डवरी के पांच युवक जामुन की खेप लेकर पिकअप वाहन से बिलासपुर बाजार जा रहे थे। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें चार लोग केबिन में बैठे थे, जबकि एक युवक पीछे माल वाले हिस्से में मौजूद था।

रात करीब 12 बजे जब वाहन मुदाभाठा के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीई 8455 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में ग्राम करवा डवरी निवासी 23 वर्षीय मंजीत कुमार राठिया और 24 वर्षीय मुकेश कुमार राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दिनेश कुमार (25), कपूर राठिया (30) और अजीत राठिया (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।

टक्कर के बाद हाईवे पर जामुन और ट्रेलर में लदा कोयला दूर-दूर तक फैल गया। सड़क का बड़ा हिस्सा जामुन और कोयले से ढंक गया।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में नो एंट्री हटते ही भारी वाहन चालक अनियंत्रित गति से वाहन दौड़ाते हैं। हाईवे पर न तो स्पीड मॉनिटरिंग की प्रभावी व्यवस्था है और न ही नियमित पुलिस गश्त दिखाई देती है।

इसके अलावा पिकअप के केबिन में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के बैठने को भी दुर्घटना की गंभीरता बढ़ाने वाला कारण माना जा रहा है।