CG News:12 घंटे के भीतर 2 हत्या, रेस्टोरेंट के सामने तो दूसरी घर के पास हुई हत्या

CG News:12 घंटे के भीतर 2 हत्या, रेस्टोरेंट के सामने तो दूसरी घर के पास हुई हत्या


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 18 दिसंबर। बीते 12 घंटे के दौरान राजधानी से लगे खरोरा , तिल्दा इलाकों में दो हत्याएं कर दी गई। दोनों घटनाओं में एक समानता यह है कि आरोपी तीन-तीन लोग हैं और बाइक में आकर वारदात को अंजाम दिया।

पहली घटना खरोरा-रायपुर मेन रोड पर ग्राम बरौंडा के पास स्थित किंग द ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने हुई। अज्ञात तीन बदमाशों ने लूट की नीयत से युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार देर रात करीब 11:30 बजे तीन अज्ञात युवक ऑरेंज रंग की केटीएम बाइक से खरोरा की ओर से आए और ढाबे के सामने रुके। पहले उन्होंने बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा, इसके बाद चाकू निकालकर लूटपाट शुरू कर दी।

बदमाशों ने ढाबे के बाहर बैठे शिवकुमार साहू का मोबाइल फोन छीन लिया। जब शिवकुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सीने पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि शिवकुमार साहू अपने 11 दोस्तों के साथ किंग ढाबा खाना खाने और पार्टी करने आया था। शिवकुमार और उसके साथी सिलतरा आबकारी वेयरहाउस में कार्यरत थे। घटना के वक्त शिवकुमार समेत दो अन्य युवक ढाबे के बाहर बैठे हुए थे।

हत्या की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी ग्रामीण, एएसपी क्राइम, एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह समेत क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में रायपुर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

दूसरी हत्या तिल्दा के वार्ड 15 में की गई। मृतक की लाश मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान के सामने पड़े रेत के ढेर में मिली। मिली जानकारी अनुसार तीन अज्ञात युवक बाइक में आए और चाकू मारकर जान लेने के बाद फरार हो गए।

आज सुबह जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच, तिल्दा पुलिस, एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नेवरा निवासी ललित यादव के रूप में कर ली गई है। ललित के पेट, सीने में चोट के कई हमले नजर आ रहे हैं।