CG News : कांग्रेस विधायक के खिलाफ गबन के मामले की जांच करेगी विशेष टीम

CG News : कांग्रेस विधायक के खिलाफ गबन के मामले की जांच करेगी विशेष टीम


🔴हाईकोर्ट के निर्देश पर SP ने की कार्रवाई

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 8 नवंबर। जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू पर किसान से 42.78 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पुलिस ने बिलासपुर हाईकोर्ट के निर्देश के बाद विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चांपा थाने में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 34 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामला उनके सहकारी बैंक बम्हनीडीह में मैनेजर रहते समय (2015-2020) की अवधि का है। किसान राजकुमार शर्मा का आरोप है कि विधायक साहू ने अपने अधीनस्थ कर्मचारी गौतम राठौर के साथ मिलकर किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 42.78 लाख रुपये का लोन निकाल लिया। यह मामला लंबे समय से लंबित था, लेकिन बिलासपुर हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने विशेष जांच टीम गठित की है ताकि तय समय सीमा में जांच पूरी कर रिपोर्ट न्यायालय में पेश की जा सके।

एसपी द्वारा गठित टीम में सीएसपी योगिता बाली खापर्डे, थाना प्रभारी (जांजगीर) निरीक्षक मणिकांत पांडेय और उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा (चांपा थाना) शामिल हैं। टीम को निर्देश दिया गया है कि वह साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करे और जल्द अभियोग पत्र तैयार करे। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसानों के नाम पर बिना जानकारी के लोन की रकम निकाल लेने की जांच की जा रही है। किसानों को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब बैंक से वसूली नोटिस आया। यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है, क्योंकि आरोपी वर्तमान विधायक हैं।