CG News : बेटे की मौत, मामला रफा दफा करने मजदूर पिता से मांगे 50000

CG News : बेटे की मौत, मामला रफा दफा करने मजदूर पिता से मांगे 50000


🔴रिश्वत लेते SI व ASI रंगे हाथ गिरफ्तार

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 25 फरवरी 2026। घर पर ईट बनाने वाले मजदूर पिता का बेटा की मिट्टी निकालने के लिए बनाए गए गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। संबंधित थाने के उप निरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक के द्वारा मामले को रफा दफा करने के लिए मजदूर पिता से ₹50000 की रिश्वत मांगी गई थी। ₹25000 की रिश्वत लेते हुए कल उप निरीक्षक को रंगे हाथों एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम के द्वारा गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन ब्यूरो से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति के घर निर्माण के लिए ईंट बनाने का कार्य मजदूर मोहित घसिया द्वारा किया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में पानी भर जाने से मजदूर के बेटे की डूबने से मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच पुलिस चौकी बचरापोड़ी जिला कोरिया में की जा रही थी।
आरोप है कि मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज न करने और केस रफा-दफा करने के नाम पर चौकी के एएसआई गुरु प्रसाद यादव ने 21 फरवरी 2026 को 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के दौरान 22 फरवरी को 25,000 रुपये लेने पर सहमति बनी।

इसी बीच एएसआई का स्थानांतरण होने के बाद चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ ने प्रार्थी को रिश्वत की राशि लेकर 24 फरवरी को चौकी में बुलाया। एसीबी अम्बिकापुर की टीम ने जाल बिछाकर उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जांच में रिश्वत मांगने में संलिप्त पाए जाने पर सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 एवं 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।