🔴लूट का विरोध करना पड़ा भारी, बदमाशों ने मारी सीने में गोली
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 27 मई 2026 । छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र की कोटमी चौकी स्थित साप्ताहिक बाजार की है, जहां तीन हथियारबंद बदमाश लूट की नीयत से दुकान में घुसे थे।
मृतक की पहचान ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट शुरू की, लेकिन व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने बेहद करीब से गोली मार दी।
बाजार में मची भगदड़, दहशत में लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 7 बजे की है। तीनों आरोपी एक पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बीच बाजार हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके से कारतूस बरामद, पूरे इलाके में नाकाबंदी
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। वारदात के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर दी है और पल्सर सवार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी और आईजी मौके के लिए रवाना
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रभाष मिश्रा और आईजी राम गोपाल गर्ग भी पेंड्रा के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजार में खुलेआम गोली मारकर हत्या की इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

