सीजी न्यूज ऑनलाइन, 24 सितंबर। आकाशीय बिजली चपेट में सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में घर के बरामदे में सब्जी काट रही 9 महीने की गर्भवती महिला बिजली की चपेट में आ गई।
अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना में एक वृद्ध मछुआरा, जो नदी किनारे मछली पकड़ने गया था, गाज की चपेट में आने से मौके पर ही दम तोड़ गया।
ग्राम हिंडाडीह निवासी मन्नू सिंह पावले की बेटी फुलकुमारी (26), जो नौ महीने की गर्भवती थी, अपने मायके आई हुई थी। सोमवार शाम 4 बजे घर के बरामदे में सब्जी काटते वक्त अचानक हुई बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। परिजन उसे तुरंत सिम्स अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना ग्राम फरहदा की है, जहां 60 वर्षीय वृद्ध नदी किनारे मछली पकड़ने गया था। शाम 5 बजे के करीब गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मालूम हो कि कल ही राजनांदगांव जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हुई थी।
