CG News : आनलाइन सट्टेबाजी, 4 बुकी गिरफ्तार, 50 लाख कैश बरामद

CG News : आनलाइन सट्टेबाजी, 4 बुकी गिरफ्तार, 50 लाख कैश बरामद


🛑IPL के लिए अभी से बिछा रहे थे जाल

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 09 जनवरी 2026 । आनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ क्राइम ब्रांच पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस 4 सट्टेबाजों (बुकी) को गिरफ्तार किया है। ये लोग दो महीने बाद होने वाले आईपीएल के लिए अभी से अपना जाल बिछा रहे थे। इनसे 50 लाख रुपए, दो लैपटॉप मोबाइल बैंक पासबुक पासपोर्ट जप्त किए गए हैं। एसएसपी लाल उमेद सिंह पूरे मामले का खुलासा करते हुए जानकारी दी है।

मामला गंज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शहर के सिंधु भवन पार्किंग के पास आरोपी कार में ऑनलाइन सट्टे का संचालन करते थे। बताया जा रहा है जिन ग्राहकों को ये सट्टा खिलाते थे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सटोरियों से जप्त बैंक खातों में करोड़ों रूपए को होल्ड करा दिया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत पाठक हॉस्पिटल रोड स्थित सिंधु भवन पार्किंग के पास एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार में बैठकर चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा

पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए चारपहिया वाहन को चिन्हित किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार युवक सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रितेश गोविंदानी, मोहम्मद अख्तर, विक्रम राजकोरी और सागर पिंजानी बताए। आरोपियों के लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच करने पर सामने आया कि वे विभिन्न ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट्स के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे।

कमीशन के आधार पर चलता था पूरा नेटवर्क

पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रितेश गोविंदानी और सागर पिंजानी ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने वालों को मास्टर आईडी उपलब्ध कराते थे, जबकि मोहम्मद अख्तर और विक्रम राजकोरी अन्य ग्राहकों को अलग-अलग वेबसाइट्स की आईडी कमीशन के आधार पर देते थे। इस तरह चारों आरोपी मिलकर अवैध रूप से लाखों रुपये का मुनाफा कमा रहे थे।

भारी मात्रा में सामान जब्त


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.35 लाख रुपये नकद, 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, हुंडई टक्सन कार (CG 04 NQ 7745), पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेक बुक और कैलकुलेटर जब्त किए हैं। वहीं आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 06/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, BNS की धारा 112(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(C) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी रितेश गोविंदानी पूर्व में बलवा और सट्टा के मामलों में जेल जा चुका है, जबकि विक्रम राजकोरी हुक्का से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री के मामले में पहले गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य ग्राहकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में

  1. रितेश गोविंदानी (32 साल) निवासी खम्हारडीह रायपुर।
  2. मोह. अख्तर (32 साल) मौदहापारा रायपुर।
  3. विक्रम राजकोरी (32 साल) डी.डी. नगर रायपुर।
  4. सागर पिंजानी (30 साल) पुरानी बस्ती रायपुर।