सीजी न्यूज ऑनलाइन, 21 फरवरी 2026। जिला बिलासपुर में पदस्थ एक फूड इंस्पेक्टर को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जांच प्रतिवेदन के बदले मांगी थी रिश्वत
प्रार्थी महेंद्र पटेल, निवासी ग्राम विद्याडीह (मस्तुरी), ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी भाभी के समिति ‘शैल स्वसहायता समूह’ के नाम पर शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन हस्तांतरित कराना चाहता है। इस संबंध में उसका आवेदन एसडीएम कार्यालय मस्तुरी में तीन माह से लंबित था, क्योंकि संबंधित फूड इंस्पेक्टर द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था।
शिकायत के अनुसार, जांच प्रतिवेदन देने और आदेश जारी कराने के एवज में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देना नहीं चाहता था और उसने एसीबी से संपर्क किया।
सत्यापन के बाद 90 हजार में बनी सहमति
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बातचीत के दौरान राशि 1 लाख से घटाकर 90 हजार रुपये पर सहमति बनी।
ट्रैप कार्रवाई में पकड़ा गया
आज 21 फरवरी 2026 को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी श्याम वस्त्रकार को उसके महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित निवास पर शिकायतकर्ता से 90,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

