🛑 आयोजकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
सीजी न्यूज ऑनलाइन 31 मार्च। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी के मल्हार में बड़ा हादसा हुआ है। यहां डीजे की तेज आवाज से मकान का छज्जा गिर गया। इस हादसे में घायल 5 लोगों में से एक 11 वर्षीय बच्चे की आज मौत हो गई। पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। फरार की तलाश की जा रही है।
मृतक का नाम प्रशांत केवट था। प्रशांत समेत पांचों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं 3 बच्चों समेत 4 की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है और डीजे संचालक की तलाश में जुटी हुई है। पूरी घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार के केंवटपारा का है।
जानकारी के अनुसार, हिन्दू नव वर्ष के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई थी, जो रात करीब 8:30 बजे केंवटपारा पहुंची। इसी दौरान तो डीजे की तेज आवाज की कंपन से वहां स्थित टुकेश केंवट के मकान का छज्जा अचानक गिर गया। इस दौरान शोभायात्रा देखने खड़े 4 मासूम समेत 5 लोग हादसे की चपेट में आ गए।
घायलों में चंद्रशेखर केंवट (25), दीपक केंवट (15), दीपेश केंवट (14) और हेमंत कैवर्त (13) शामिल हैं. बताया जा रहा है, कि मकान का छज्जा पुराना और कमजोर था। डीजे की तेज आवाज से उठी कंपन के कारण वह गिर गया। फिलहाल पुलिस डीजे संचालक की तलाश में जुट गई है।

आयोजकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस
मामले में एडिशनल एसपी उदयन बेहार ने बताया कि वाहन के पीछे लोग चल रहे थे। बॉक्स के टकराने से छज्जा गिरा है। DJ संचालक, गाड़ी के ड्राइवर और आयोजकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। DJ को जब्त कर लिया गया है।
DJ संचालक धर्मेंद्र को और ड्राइवर राज बावरे को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 2 आयोजक फरार हैं। पुलिस लगातार उनके ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। दोनों आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

