CG ख़बर : कांग्रेस पार्षद ने की दोस्त की हत्या, रॉड से फोड़ा सिर, थाने जाकर किया समर्पण

CG ख़बर : कांग्रेस पार्षद ने की दोस्त की हत्या, रॉड से फोड़ा सिर, थाने जाकर किया समर्पण


सीजी न्यूज ऑनलाइन 06 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार को कांग्रेस के पार्षद आनंद कश्यप द्वारा अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। पार्षद ने नशे में अपने मित्र मोहनीश केशरवानी के सिर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया था । घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस से कहा- दोस्त को मार दिया है।


जानकारी के मुताबिक, दोनों दोस्तों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। घटना वाले दिन भी दोनों ने सुबह साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात पर झगड़ा हुआ और मोहनीश नाराज होकर नवागढ़ थाने में आनंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंच गया। मामला इतना बिगड़ गया कि पुलिस को बीच-बचाव कर दोनों को समझौता कराना पड़ा। हालांकि, थाने से निकलने के बाद भी गुस्से में बेकाबू आनंद ने किसी तरह का बदला लेने की ठानी।

पुलिस के मुताबिक, थाने से लौटने के बाद दोनों ने फिर शराब पी। इसके बाद, गुस्से में आकर आनंद ने लोहे की रॉड से मोहनीश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में मोहनीश का सिर बुरी तरह से फूट गया और चेहरा भी लहूलुहान हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी आनंद खून से सनी रॉड लेकर सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत रॉड को अपने कब्जे में लिया और आनंद को गिरफ्तार कर वारदात स्थल पर जांच के लिए ले गई, जहां खून के धब्बे भी मिले।
पुलिस ने मोहनीश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी आनंद को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।