सीजी न्यूज ऑनलाइन, 16 जून 2026। जिले की जनपद पंचायत सक्ती में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने जनपद पंचायत के सीईओ, सहायक बाबू और एक अन्य व्यक्ति को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता द्वारा जनपद पंचायत सक्ती में निर्मल घाट एवं नाली निर्माण कार्य के लगभग 20 लाख रुपये के स्वीकृत कार्य का चेक जनपद पंचायत में लंबित है। आरोप है कि चेक जारी करने के एवज में जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ निखिल कश्यप ने 12 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह बात सामने आई कि सीईओ निखिल कश्यप रिश्वत की राशि सीधे लेने के बजाय अपने सहयोगियों के माध्यम से वसूलना चाहता था। जांच में पता चला कि जनपद पंचायत कार्यालय के माध्यम से पहले ही 1 लाख रुपये रिश्वत के रूप में लिए जा चुके थे।
एसीबी की टीम ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल कश्यप, उसके सहयोगी अविनाश ठाकुर तथा लखन भानु को रिश्वत की शेष राशि 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

