CG News : दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या

CG News : दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या


🔴स्पोर्ट्स बाइक पर पहुंचे बदमाशों का नहीं मिला सुराग

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 27 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में शुक्रवार सुबह दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से पहुंचे और घर में घुसकर 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले घरवालों से पूर्णिमा के बारे में पूछा और जैसे ही वह बाहर आई, उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के लगभग 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों का कोई सुराग पुलिस को नहीं लगा है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो अज्ञात युवक चेहरे पर सफेद गमछा बांधकर बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक से पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे। एक आरोपी हथियार लेकर घर के भीतर घुसा, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल चालू हालत में बाहर खड़ा रहा।

आरोपी ने परिवार के लोगों से पूछा, “पूर्णिमा कहां है?” इसी दौरान कमरे से बाहर आई पूर्णिमा ने उनके आने का कारण पूछा। आरोपियों ने पहले आयुर्वेदिक दवा खरीदने की बात कही और फिर अचानक देशी पिस्तौल निकालकर उस पर लगातार तीन गोलियां दाग दीं।

गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर पहुंचे, तब तक दोनों हमलावर फरार हो चुके थे। आंगन में लहूलुहान हालत में पड़ी पूर्णिमा को तत्काल डायल-112 की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मृतका के परिजनों, परिचितों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि जोंगरा गांव में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिली है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतका पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से पंजाब की स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड में सेल्स विभाग में कार्यरत थी। उसकी शादी पहले रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो-तीन वर्षों से अपने मायके जोंगरा में रहकर नौकरी कर रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों के संबंध में कुछ अहम जानकारी मिलने के बाद विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश जारी है।