🔴पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 06 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक बीएड छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी युवती को मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भारती नेताम के रूप में हुई है, जो कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले छह-सात महीने से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल, जो डीएलएड का छात्र है, के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी सावंत बघेल भारती के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। मृतका की बहन के अनुसार, 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है और वह गांव लौटना चाहती है। इसके लिए बहन ने उसे ऑनलाइन 3,000 रुपये भी भेजे थे, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
जब परिजन मेकाहारा पहुंचे तो उन्होंने शव पर चोट के कई निशान देखे। मृतका की बाईं आंख के पास, कनपटी, गर्दन के पीछे और ठोड़ी पर गंभीर चोट एवं खून जमने के निशान पाए गए।
परिजनों की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मेकाहारा से फरार हुए आरोपी सावंत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।

