🔴दो फरार, एक आरोपी गिरफ्तार
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 22 मार्च 2026। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। कार्रवाई में 2 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य का अफीम और पौधे जब्त किए गए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस को 19-20 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना तमनार पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान खेत में लगे अफीम के पौधों की जांच में कुल 60,326 पौधे (वजन 2,877 किलोग्राम) पाए गए। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान मौके से दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि झारखंड निवासी मार्शल संगा (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध अफीम की खेती कर रहा था। तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस दौरान एफएसएल, आबकारी, कृषि और राजस्व विभाग की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और फसल को अफीम होने की पुष्टि की।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

