CG : बिजली ऑफिस के जूनियर इंजीनियर व लाइनमैन रिश्वत लेते गिरफ्तार

CG : बिजली ऑफिस के जूनियर इंजीनियर व लाइनमैन रिश्वत लेते गिरफ्तार


🔴खेत में अस्थाई बिजली कनेक्शन लगाने रिश्वत की मांग की थी

सीजी न्यूज ऑनलाइन 26 मई 2026। जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता और लाइनमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने खेत में अस्थाई बिजली कनेक्शन लगाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

सिंचाई कनेक्शन के लिए मांगी गई थी रिश्वत

प्रार्थी रमेश सिंह निवासी डोमन पारा मनेन्द्रगढ़ ने एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि उसने खेत में सिंचाई के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन किया था। सर्वे होने के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं लगाया गया।

लाइनमैन ने मांगे 10 हजार रुपये

शिकायतकर्ता के अनुसार बिजली ऑफिस में पदस्थ लाइनमैन राकेश शुक्ला ने कनेक्शन लगाने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। साथ ही राशि कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार को देने की बात कही गई थी।

9,500 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ाए

शिकायत के सत्यापन के बाद रिश्वत की रकम 9,500 रुपये तय हुई। इसके बाद 25 मई 2026 को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार और लाइनमैन राकेश शुक्ला को शिकायतकर्ता से 9,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

पीसी एक्ट के तहत कार्रवाई

एसीबी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।